खोंगसरा में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, पाँच पंचायतों के 150 से अधिक मरीजों को मिला उपचार।
आजाद भारत न्यूज़ | खोंगसरा/कोटा/बिलासपुर
ग्रामीण अंचल में सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम खोंगसरा में रविवार 22 फरवरी 2026 को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर केयर एन केयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं वरदान टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में हाई स्कूल परिसर, ग्राम खोंगसरा में आयोजित हुआ।
इस स्वास्थ्य शिविर में खोंगसरा, आमागोहन, मोहली, तुलुप, टाटीधार सहित आसपास की पाँच पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। शिविर के माध्यम से 150 से अधिक मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं दवाइयों का लाभ मिला।
अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों की रही मौजूदगी
शिविर में विभिन्न विषयों के अनुभवी चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ दीं।
मेडिसिन एवं जनरल फिजिशियन डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने बुखार, बीपी, शुगर, सांस व फेफड़ों की समस्याओं, कमजोरी एवं शरीर दर्द से पीड़ित मरीजों की जांच की।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रेयांश शुक्ला ने जोड़ों के दर्द, कमर दर्द, गठिया, चोट एवं हड्डी से संबंधित रोगों का परीक्षण किया।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकृति वर्मा द्वारा महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं, अनियमित माहवारी, गर्भावस्था जांच, PCOD/PCOS एवं स्त्री रोग संबंधी परामर्श दिया गया।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कृष्ण कुमार ने आंखों की जांच कर नजर की समस्या, आंखों में जलन, पानी आना एवं संक्रमण से संबंधित परामर्श दिया।
वहीं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज चंद्राकर ने बच्चों के बार-बार बीमार होने, सर्दी-खांसी, बुखार, पोषण की कमी एवं अन्य रोगों की जांच की। इस तरह क़ई तरह के विषय विशेषज्ञ शामिल रहे।

निःशुल्क जांच और दवाइयों का वितरण
शिविर के दौरान मरीजों की बीपी व शुगर की निःशुल्क जांच, आवश्यक प्रारंभिक परीक्षण तथा दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। महिलाओं एवं बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में शिविर का लाभ उठाया। विशेषज्ञों द्वारा मरीजों को संतुलित आहार, नियमित जांच एवं समय पर उपचार को लेकर जागरूक भी किया गया।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर से उन्हें अपने गांव में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएँ मिलीं, जिससे बड़े शहरों में इलाज कराने का खर्च और समय दोनों बचा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
यह स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ पहुँचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।
पांच पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने किया सहयोग- ग्राम आमागोहन के सरपंच प्रतिनिधि-लोचन सिंह, उपसरपंच-प्रीतम चौधरी, जनपद सदस्य प्रतिनिधि-बलराम मरावी, टाटीधार सरपंच प्रतिनिधि-सम्मार सिंह,खोंगसरा सरपंच एवं उपसरपंच प्रतिनिधि-शिवमान सिंह,धीरेंद्र यादव, रामकुमार प्रजापति,प्रदीप पांडेय,अजहर खान सहित समस्त जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
![]()
