कोटा: निरंजन केसरवानी महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में पहुँचे विधायक अटल श्रीवास्तव, शेड व अहाता निर्माण की घोषणा
कोटा | बिलासपुर आजाद भारत न्यूज़-प्रदीप शर्मा
शासकीय निरंजन केसरवानी महाविद्यालय, कोटा के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

विधायक अटल श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने छात्रों को मोबाइल का उपयोग ज्ञानवर्धन एवं अध्ययन के लिए करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का सशक्त माध्यम है।

वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा लोकनृत्य, गीत-संगीत एवं नाट्य मंचन जैसी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। साथ ही शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उपलब्धि प्राप्त करने वाले छात्रों को विशेष बधाई दी गई।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व छात्र हरीश नामदेव द्वारा महाविद्यालय परिसर में शेड एवं तार फेंसिंग युक्त अहाता निर्माण की मांग रखी गई, जिसे विधायक अटल श्रीवास्तव ने सहर्ष स्वीकार करते हुए निर्माण की घोषणा की।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी, विधायक प्रतिनिधि आदित्य दीक्षित, कुलवंत सिंह, प्रतीक त्रिवेदी, हरीश नामदेव, पार्षद जब्बार खान, कान्हा गुप्ता, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष वीना मसीह, अनिल मसीह, कमलू, महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती नाज बेंजामिन, समस्त शिक्षक-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।

![]()
