ग्राम खोंगसरा में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर हर्षोल्लास के साथ संपन्न
आजाद भारत न्यूज़- खोंगसरा-कोटा,बिलासपुर से शिक्षा अपडेट।
बेलगहना क्षेत्र के ग्राम खोंगसरा में सरदार भगत सिंह महाविद्यालय, बेलगहना की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन आज बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और सामाजिक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ।

यह शिविर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री राकेश सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिनका सतत प्रयास ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें आगे लाने का रहा है।
समापन अवसर पर ग्राम के सरपंच श्री शिवमान सिंह खुसरो एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन सांस्कृतिक रंगों से सुसज्जित रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री राजेश पाण्डेय जी तथा विशिष्ट अतिथि श्री आर. के. राठौर जी, श्री बलराम मरावी जी एवं श्री धनीराम यादव जी उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्राचार्य श्री राकेश सिंह के नेतृत्व में महाविद्यालय द्वारा निरंतर ऐसी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनसे ग्रामीण क्षेत्र की छुपी हुई प्रतिभाओं को पहचान मिल सके। एनएसएस शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, श्रमदान, जागरूकता रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक विषयों पर संवाद जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीण युवाओं को सक्रिय रूप से जोड़ा गया।
समापन समारोह में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। सरस्वती शिशु मंदिर, आमागोहन तथा शासकीय प्राथमिक शाला, जल्दापारा के बच्चों ने गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक संदेश दिए। बच्चों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई, जिससे कार्यक्रम और अधिक जीवंत बन गया।
मुख्य अतिथि श्री राजेश पाण्डेय जी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। वहीं अतिथियों ने प्राचार्य श्री राकेश सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अंचलों में छुपी प्रतिभाओं को नई दिशा और आत्मविश्वास मिलता है।

कार्यक्रम के अंत में एनएसएस स्वयंसेवकों, महाविद्यालय स्टाफ और ग्रामवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। यह शिविर शिक्षा, सेवा और समाज के बीच मजबूत सेतु बनकर उभरा और युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी का भाव जागृत करने में सफल रहा।
![]()
