March 3, 2026

गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण पर कार्यवाही की मांग, विधायक अटल श्रीवास्तव ने उठाया मुद्दा

0
IMG_20260303_082439.png

आजाद भारत न्यूज़-कोटा-बिलासपुर

कोटा विधानसभा क्षेत्र में मंडी निधि से स्वीकृत सी.सी. सड़क निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने कार्यपालन अभियंता, कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड बिलासपुर को पत्र प्रेषित कर निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराने तथा दोषी ठेकेदार एवं एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है।


विधायक श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्र की जनता के सुगम आवागमन एवं ग्रामीण विकास को ध्यान में रखते हुए मंडी निधि से ग्राम सोनपुरी, सरईपाली, कुरूवार, टाटीधार, बछालीखुर्द, डांडबछाली, पंडरापथरा, जरगा, अमने, खरगहनी, खुरदूर, लालपुर, चपोरा, साजापाली, पोड़ी, सिलपहरी, उमरमरा, कुवारीमुंड़ा, रिगवार एवं पुडू में सी.सी. सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। कई ग्रामों में निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा कुछ स्थानों पर कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र से प्राप्त शिकायतों एवं जानकारी के अनुसार कई स्थानों पर सड़कों का निर्माण गुणवत्ताहीन तरीके से किया जा रहा है। निर्माण के तुरंत बाद ही सड़कों में दरारें पड़ने लगी हैं, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि निर्माण के दौरान निर्धारित मानकों, मिश्रण अनुपात एवं तकनीकी दिशा-निर्देशों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा है।


विधायक ने यह भी उल्लेख किया कि निर्माण कार्यों की तकनीकी निगरानी पर्याप्त रूप से नहीं हो रही है, जिसके कारण ठेकेदार मनमानी करने की स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारभूत आवश्यकता है और यदि प्रारंभ से ही गुणवत्ता में समझौता किया जाएगा तो जनता को दीर्घकालीन नुकसान उठाना पड़ेगा।
श्री श्रीवास्तव ने मंडी निधि से स्वीकृत समस्त सड़कों की सतत एवं निष्पक्ष जांच कराने, गुणवत्ता परीक्षण कराने तथा जहां भी अनियमितता पाई जाए, वहां संबंधित ठेकेदार एवं एजेंसी पर शीघ्र कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही कार्यवाही की जानकारी उन्हें उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया है।
क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर जनचर्चा तेज हो गई है और ग्रामीणों ने भी निर्माण कार्यों की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने की अपेक्षा व्यक्त की है।
— आजाद भारत न्यूज़ बिलासपुर छत्तीसगढ़

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page