कोटा ब्लॉक के युवाओं ने सेना में लहराया परचम, अग्निवीर बनकर करेंगे देश सेवा
आजाद भारत न्यूज़- बिलासपुर से विशेष रिपोर्ट।
कोटा/बिलासपुर। भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती के परिणाम घोषित होने के बाद कोटा ब्लॉक में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीण अंचलों से लंबे समय से सेना में भर्ती होने का सपना लेकर तैयारी कर रहे युवाओं की मेहनत रंग लाई है। इस बार कोटा ब्लॉक के कई युवाओं का चयन भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में हुआ है, जो अब देश सेवा का गौरवपूर्ण दायित्व निभाएंगे।
जानकारी के अनुसार, कोटा विधानसभा क्षेत्र के गांवों से सैकड़ों युवा पिछले कई महीनों से अग्निवीर भर्ती के लिए कठिन मेहनत कर रहे थे। सुबह-शाम दौड़, शारीरिक अभ्यास, अनुशासित दिनचर्या और लिखित परीक्षा की तैयारी के बाद आखिरकार उनकी मेहनत सफल हुई। जैसे ही चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी हुई, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और परिवारों में जश्न का माहौल बन गया।

ग्राम खोंगसरा के अजय राठौर का चयन जीडी (जनरल ड्यूटी) पद पर हुआ है। साधारण किसान परिवार से आने वाले अजय के पिता संतोष राठौर पेशे से किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अजय ने गांव की सड़कों पर दौड़ लगाकर अपनी शारीरिक तैयारी पूरी की और घर पर रहकर लिखित परीक्षा की तैयारी की। उनकी सफलता पर ग्रामीणों ने कहा— “अब पिता किसान और बेटा जवान के रूप में जाना जाएगा।”
अजय के घर बधाई देने भाजपा मंडल अध्यक्ष राजू सिंह राजपूत, उपसरपंच प्रीतम चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप शर्मा, मीडिया प्रतिनिधि प्रदीप पांडेय, विजय राठौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।


वहीं ग्राम बेलगहना और आसपास के क्षेत्रों से भी कई युवाओं ने सफलता हासिल की है। इनमें सुमीत यादव, अभय सिंह राजपूत, आकाश सिंह, विनय कुमार और रामचंद्र के नाम शामिल हैं। इन युवाओं की सफलता की खबर मिलते ही गांव में उत्साह का माहौल बन गया। पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उनका मुंह मीठा कराया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


ग्रामीणों का कहना है कि इन युवाओं की सफलता केवल उनके परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की उपलब्धि है। इससे सेना में जाने का सपना देख रहे अन्य युवाओं को भी नई प्रेरणा मिलेगी। कोटा ब्लॉक में पहले भी सेना और अर्धसैनिक बलों में युवाओं की भागीदारी रही है, लेकिन इस बार अग्निवीर भर्ती में मिली सफलता ने युवाओं के उत्साह को और बढ़ा दिया है।

चयनित सभी अभ्यर्थियों को 28 मई 2026 को छत्तीसगढ़ ARO रायपुर में रिपोर्ट करना है। इसके बाद 1 जुलाई 2026 से प्रशिक्षण शुरू होगा। बताया गया है कि 6 माह के प्रशिक्षण के बाद इन युवाओं को देश के विभिन्न हिस्सों में सेवा के लिए तैनात किया जाएगा।
कोटा ब्लॉक के ग्रामीण अंचल से निकले इन युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत इरादे, मेहनत और अनुशासन के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। आज पूरा क्षेत्र अपने इन बेटों पर गर्व महसूस कर रहा है।
![]()
