बिलासपुर के खोंगसरा रेलवे अंडरब्रिज BK-29 बना मुसीबत, शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार मौन, हर दिन हादसे का खतरा
आजाद भारत न्यूज़ खोंगसरा से प्रदीप पांडेय की रिपोर्ट-
बिलासपुर। SECR बिलासपुर जोन के खोंगसरा (KGS) रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे अंडरब्रिज क्रमांक BK-29 (तुलुफ ग्राम) आम लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन गया है। अंडरब्रिज की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भरा रहता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और छोटे वाहनों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। लाइट भी नही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के दिनों में ही अंडरब्रिज में लगातार लीकेज की समस्या बनी रहती है। ऐसे में बरसात के मौसम में यहां की स्थिति और भयावह हो जाती है, जब पानी भरने के कारण अंडरब्रिज लगभग अनुपयोगी हो जाता है। आवागमन बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पर्याप्त रोशनी नही? दुर्घटना का खतरा- ऊपर से पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय यह रास्ता और भी खतरनाक हो जाता है। अंधेरे में गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। रेलवे पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करे।

सबसे हैरानी की बात यह है कि अंडरब्रिज की दीवारों पर ठेकेदार से लेकर रेलवे अधिकारियों तक के संपर्क नंबर लिखे हुए हैं, ताकि समस्या होने पर लोग सूचना दे सकें। लेकिन स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार फोन करने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती, जिससे जिम्मेदारों की उदासीनता साफ नजर आती है।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अंडरब्रिज की ऊंचाई कम कर दी गई है, जिसके कारण बड़े वाहन यहां से गुजर नहीं पाते। इससे परिवहन और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ता है। लोगों का मानना है कि भविष्य में बड़े वाहनों की आवाजाही और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए यहां ओवरब्रिज का निर्माण ही स्थायी समाधान हो सकता है।


फिलहाल लोगों की मांग है कि रेलवे विभाग तत्काल इस अंडरब्रिज की सड़क की मरम्मत, जल निकासी के लिए नाली निर्माण और लीकेज की समस्या का समाधान करे, ताकि आमजन को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से पहले व्यवस्था सुधारी जा सके।

अब सवाल यह है कि क्या रेलवे प्रशासन किसी गंभीर दुर्घटना का इंतजार कर रहा है, या फिर समय रहते आम लोगों की परेशानी दूर की जाएगी? स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ट्विटर में इस मुद्दे को रेल मंत्रालय और DRM बिलासपुर को अवगत कराया है।
![]()
