बिजली के खंभे के अर्थिंग तार में करंट आने से 4 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत
घर में खेलते समय हुआ हादसा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंद होने से भटकते रहे परिजन,अब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी नही पहुंचे है??
कोटा ब्लॉक, खोंगसरा (छपरापारा):
कोटा विकासखंड के खोंगसरा क्षेत्र अंतर्गत छपरापारा में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 4 वर्षीय मासूम की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चा घर में खेल रहा था, तभी घर के पास लगे बिजली के खंभे के अर्थिंग तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बालक मूल रूप से मुंगेली जिले के लोरमी ब्लॉक के खुड़िया के समीप स्थित विस्थापित ग्राम बांकल का निवासी था। उसका परिवार पिछले लगभग चार माह से खोंगसरा क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के यहां रह रहा था।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद वे बच्चे को तत्काल उपचार के लिए लेकर निकले, लेकिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंद मिला, जिसके कारण उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल सका। इससे परिजनों में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान क्षेत्र में कई बिजली के खंभों में करंट उतरने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। पहले भी करंट की चपेट में आने से मवेशियों की मौत की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र के सभी बिजली खंभों और अर्थिंग व्यवस्था की तत्काल जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सुबह हुई घटना के बावजूद दोपहर लगभग 2 बजे तक न पुलिस, न स्वास्थ्य विभाग और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।
निखिलेश गुप्ता (BMO कोटा)- हमें मीडिया से जानकारी मिली है। रविवार के वजह से आमागोहन में स्टाफ नही होंगे। पुलिस में जानकारी नही आई है। मैं बात करता हूँ।
राहुल(कोटवार) से बातचीत- घर वाले कुछ बताने को तैयार नही है। पुलिस को सूचना दी गयी है।
नरेश कुमार-( स्थानीय ग्रामीण)- बिजली खंबे में करेंट आने से यह हादसा हुआ है। आसपास लोगो ने भी इसकी जानकारी दी है बाहर मुंगेली का परिवार है।
फिलहाल घटना की आधिकारिक पुष्टि और प्रशासन की विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार है। आज़ाद भारत न्यूज़ इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।
![]()