झोलाछाप डॉक्टरों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी, जिला टीम व BMO के नेतृत्व में गांव-गांव छापेमारी
आजाद भारत न्यूज़-प्रदीप पांडेय की रिपोर्ट
कोटा/बिलासपुर। कोटा विकासखंड में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों, मीडिया रिपोर्टों और ग्रामीणों की मांग के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. निखिलेश गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न गांवों में विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध झोलाछाप डॉक्टरों एवं अवैध क्लीनिकों पर छापेमार कार्रवाई की।

BMO डॉ. निखिलेश गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान ग्राम आमागोहन स्थित नंदिनी मेडिकल में प्रैक्टिस कर रहे राम कुमार श्रीवास, सोनसाय नवागांव में रामकुमार प्रजापति, आमागोहन में वैद्य तिरुपति राव, आमागोहन में विश्वास, कुदर में राजू गुप्ता तथा मनोज कुमार के यहां जांच एवं कार्रवाई की गई। संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा आगे भी नियमित रूप से अभियान जारी रहेगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम जब कई स्थानों पर पहुंची तो कुछ क्लीनिक बंद मिले, जबकि कई कथित झोलाछाप डॉक्टर मौके पर नहीं मिले। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्रवाई की सूचना मिलते ही कुछ लोग गांव छोड़कर चले गए, वहीं कुछ ने अपने क्लीनिक बंद कर दिए। विभागीय टीम ने बंद क्लीनिकों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दस्तावेज तैयार किए।
BMO ने बताया कि सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फील्ड में सक्रिय किया गया है और संदिग्ध रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों की जानकारी एकत्र कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से चिकित्सा व्यवसाय करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अभियान के दौरान जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने आवश्यक सुधार के निर्देश एवं सुझाव दिए, ताकि ग्रामीणों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
क्षेत्र के ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि अभियान केवल एक-दो दिन तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से जारी रखा जाए, ताकि अवैध क्लीनिकों पर स्थायी रूप से रोक लग सके और लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. निखिलेश गुप्ता ने बताया कि झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम को फील्ड में तैनात किया गया है और सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संदिग्ध अवैध चिकित्सकीय गतिविधियों पर नजर रखने तथा तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलते ही जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अवैध प्रैक्टिस को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




#झोलाछाप_डॉक्टर #स्वास्थ्य_विभाग #कोटा_ब्लॉक #बिलासपुर #छत्तीसगढ़ #कार्रवाई_जारी #अवैध_क्लीनिक #ग्रामीण_स्वास्थ्य #BreakingNews #AzaadBharatNews #ChhattisgarhNews #HealthDepartment #MedicalRaid #BMO #CMHelpline,
![]()